दीपावली पर्व पर लइया,चूरा व गट्टा खरीदती महिलाएं (संवाद)
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। दिवाली के लिए लोग बुधवार को पूरे दिन खरीदारी में व्यस्त रहे। बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही। खील, चूरा से लेकर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ पूजन सामग्री खरीदी गई। सुबह से रात तक बाजार गुलजार रहे। मिठाई और मेवे भी खूब खरीद गए।
गुरुवार को दिवाली मनाई जाएगी। इसके लिए बुधवार को खरीदारी होती रही। लोग खील, चूरा, लइया के साथ मिठाइयों, गणेश व लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी में व्यस्त रहे। शहर के धवनरोड, स्टेशनरोड, बड़े व छोटे चौराहे के साथ गली- मोहल्लों में खुली दुकानों पर भी भीड़ नजर आई। बुधवार को छोटी दिवाली (नरक चौदस) मनाई गई। लोगों ने घरों में दीपक जलाए। दिवाली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी रूट मार्च करते रहे। जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। वाहन पार्किंग के बाहर खड़े दो वाहनों का चालान भी किया।
आचार्य गुड्डू द्विवेदी ने बताया कि आम लोगों के लिए दिवाली पूजा या लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त गुरुवार को शाम 6.09 बजे से 8.04 बजे तक है। व्यापारी वर्ग के लिए पूजन के दो मुहूर्त हैं। पहला दोपहर 12.11 बजे तो दूसरा 1.31 बजे से 2.51 बजे तक होगा।
दिवाली के एक दिन ही शहर के अधिकांश एटीएम जवाब दे गए। लंबी कतारें लगी रहीं। एटीएम से पैसा निकालने की होड़ लगी रही। इसी कारण पहले ही दिन कई एटीएम खाली हो गए। लोग पैसा निकालने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते रहे। काफी इंतजार के बाद लोगों को पैसा मिल सका।