पुरवा। भारत-चीन बार्डर के लेह में तैनात सेना के जवान की पत्नी ने गांव के एक परिवार के 9 लोगों पर छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगा एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का पति सेना का जवान है। मौजूदा समय में भारत-चीन सीमा के लेह में तैनात है। महिला के अनुसार वह अपने छह माह के बेटे व अन्य ससुरालीजनों के साथ गांव में रहती है। उसका आरोप है कि 10 नवंबर की सुबह वह घर के बाहर लगे हैंडपंप से पानी लेने के लिए निकली थी।
तभी राजेंद्र प्रसाद ने उस पर फब्तियां कसीं और उसे दबोचकर अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता के अनुसार पहले भी आरोपी उससे छेड़छाड़ कर चुका था। विरोध करने और शोर मचाने पर राजेंद्र की पत्नी घर से निकली और पति का पक्ष लेकर गाली-गलौज करने के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने चेन और मंगलसूत्र भी छीन लिया। पीड़िता ने राजेंद्र उसकी पत्नी समेत परिवार के 9 लोगों को नामजद कर एसपी दिनेश त्रिपाठी से कार्रवाई की मांग की। एसपी ने कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की र्गई है।