उन्नाव। नगर पालिका परिषद उन्नाव के वार्ड तीन आदर्शनगर में ठेकेदार द्वारा स्वीकृत कार्ययोजना से 17 मीटर कम काम कराया गया। जांच में इसकी पुष्टि हुई तो स्थानीय निकाय प्रभारी ने फर्म को ब्लैक लिस्टेड व अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। वहीं दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
वार्ड संख्या तीन आदर्शनगर निवासी अजय सिंह ने डीएम को शिकायतपत्र देकर 15वें वित्त आयोग से कराए गए इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण अधूरा व मानकविहीन कराए जाने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व जलनिगम के सहायक अभियंता ने संयुक्त रूप से वार्ड में जाकर जांच की।
जांच में पता चला कि कार्ययोजना के अनुसार अनूप शुक्ला के मकान से शिवराम यादव के घर की तरफ नाली व 98 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण शामिल किया था। स्थलीय सत्यापन व नापजोख में काम अनूप शुक्ला के घर से न कराकर कमलेश मिश्रा की दुकान से शुरू होना पाया गया। इस प्रकार जांच में मात्र 81 मीटर ही सड़क व नाली का निर्माण मिला।
नगर पालिका के सूत्रों के मुताबिक, कार्य की लागत पांच लाख से अधिक है। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय ने ईओ को कार्रवाई का पत्र भेजा।
इसमें काम कराने वाली फर्म के विरुद्ध ब्लैक लिस्टेड/अर्थदंड लगाने व दोषी अधिकारियों/ के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के आदेश दिए। ईओ संजय गौतम ने बताया कि सहायक व अवर अभियंता को आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।