फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: कितना बढ़ा वन क्षेत्र... जवाब नहीं दे पाए अधिकारी, प्रभारी मंत्री ने लगाई फटकार

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। विकास और कानून व्यवस्था को लेकर हुई समीक्षा बैठक में 59.57 लाख पौधरोपण से वन क्षेत्रफल कितना बढ़ा, इसकी जानकारी विभागीय अधिकारी नहीं दे पाए। इस पर प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने फटकार लगाते हुए आगे से तैयारी करके आने की हिदायत दी। अनुपस्थित रहे पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता एनके वर्मा से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश डीएम गौरांग राठी को दिए।
विज्ञापन

विकास भवन सभागार में सोमवार दोपहर एक बजे समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे, सड़कों, जल निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत सप्लाई, गोवंश संरक्षण आदि योजनाओं की समीक्षा करते हुए तहसीलवार गोचर, चारागाह एवं ग्राम समाज की भूमि की जानकारी ली। कहा कि सभी एसडीएम गोशाला का निरीक्षण करें। गोचर की भूमि में हरा चारा बोया जाए। जानकारी दी कि कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सीमेन की कीमत 300 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दी है। इसका पशुपालक लाभ लें।
बैठक में मौजूद ब्लॉक प्रमुखों ने जल निगम द्वारा गांवों में बिछाई जा रही पाइप लाइन से क्षतिग्रस्त हो रहे रास्तों की समस्या उठाई। मोहान विधायक ब्रजेश रावत ने निर्माणाधीन अजगैन-मोहान रोड पर सवाल उठाते हुए बताया कि सड़क एक तरफ बन रही है और दूसरी तरफ उखड़ रही है। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने सरकारी अस्पताल में रखे वेंटीलेटर को चालू कराने और स्नातक विधायक अरुण पाठक ने बीघापुर पीएचसी के जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग की।
विज्ञापन

एमएलसी अरुण पाठक ने टीकरगढ़ी विद्यालय की शिक्षिका द्वारा मानक से ज्यादा दिनों का अवकाश लेने पर सवाल पूछा तो बीएसए संगीता सिंह ने जांच जारी होने की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने गांवों को 18 घंटे बिजली न देने की शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार करें। प्रभारी मंत्री ने बैठक में महिला जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी पर नाराजगी जताई।
कहा कि आगे से जनप्रतिनिधि ही उपस्थिति हों। एसपी दीपक भूकर से कहा कि वर्ष भर में जिस गांव से एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई हो उसे वादरहित आदर्श गांव घोषित कर वहां जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विकास कार्य कराएं। बैठक में सांसद डॉ. साक्षी महाराज, आशुतोष शुक्ला, बंबालाल दिवाकर, रामचंद्र प्रधान, सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
अखिलेश का बयान विनाशकारी बुद्धि का प्रतीक

उन्नाव। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री आवास खुदवाने पर मंदिर निकलने संबंधी बयान पर पलटवार किया। कहा कि जो अखिलेश यादव का बयान उनकी विनाशकारी बुद्धि का प्रतीक है। इटावा में उनका आवास है। पहले वहीं खुदवा के दिखवा लें। मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी के मुसलमानों के नया साल न मनाने के बयान पर मंत्री ने कहा कि हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है लेकिन इस देश के प्रति वफादारी का भाव रखें। कहा कि जो भारत माता को डायन कहे, उसे इस देश में रहने का हक नहीं है। मंत्री ने कुंभ के निमंत्रण को लेकर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को कुंभ का निमंत्रण दिया। गंगाजल लेकर कुंभ का निमंत्रण देने गए थे तो वहां बर्फबारी हुई है। वहां तीन साल से बर्फ नहीं पड़ी थी। इससे कुंभ का प्रभाव समझा जा सकता है। (संवाद)
-
हिंदुस्तान शरीयत से नहीं, बाबा साहेब के संविधान से चलेगा : साक्षी

उन्नाव। समीक्षा बैठक के बाद सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज ने मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी की ओर से मुसलमानों को नया साल न मनाने के लिए जारी किए गए फतवे पर पलटवार किया। कहा कि यह हिंदुस्तान है। हिंदुस्तान शरीयत कानून से नहीं चलेगा, बल्कि बाबा साहेब के संविधान से चलेगा। यह फतवा जारी करने वालों को समझ लेना चाहिए। वहीं, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री आवास पर शिवलिंग होने और खुदाई कराने संबंधी बयान पर सांसद ने जोरदार हमला बोला। कहा कि अखिलेश यादव को केवल मुख्यमंत्री आवास ही दिख रहा है। इटावा में उनका आवास है पहले वहीं खुदवा के दिखवा लें। क्या इटावा में आवास की खुदाई होगी के सवाल पर सांसद ने कहा कि पहले सवाल अखिलेश यादव ने उठाया था। उन्होंने जवाब देकर गेंद अखिलेश यादव की तरफ उछाल दी है। (संवाद)
-
चार घंटे देर से जन चौपाल में पहुंचे, यूनिफार्म में नहीं मिले सीएचसी प्रभारी
सोनिक/नवाबगंज। बिछिया ब्लाक के सराय कटियान में आयोजित जन चौपाल में मंत्री को दोपहर 1:15 बजे पर पहुंचना था लेकिन वह चार घंटे देरी से 4:46 बजे पहुंचे। बिछिया स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नरेंद्र कुमार के यूनिफार्म में न आने पर फटकार लगाई।
सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश को सीएचसी प्रभारी का स्पष्टीकरण लेने के आदेश दिए। ग्रामीणों के दवा न मिलने की शिकायत पर सीएमओ को जरूरी दवाएं दिलाने की बात कही। आवास के बारे में बीडीओ फहद खान ने 78 आवेदन आने की जानकारी दी। पुरवा विधायक अनिल सिंह के गोशाला निर्माण कराने की मांग पर मंत्री ने डीएम से प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा। यहां मंत्री ने कंबल व आयुष्मान कार्ड वितरित किए। ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार सहित एक सैकड़ा ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, चौपाल पूरी होने के बाद मंत्री ने प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे का भी निरीक्षण किया। इससे पहले प्रभारी मंत्री ने नवाबगंज विकासखंड के गांव मखदूमपुर की गोशाला पहुंचे, जहां गाय को गुड़ चना खिलाया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में बीमार व कमजोर गोवंश देख मंत्री ने बीडीओ मुनेश चंद्र को नियमित उपचार कराने के निर्देश दिए। गंदगी देख मंत्री ने नाराजगी जताई और सफाई कराने के आदेश दिए। (संवाद)


मंत्री के काफिले से डायवर्जन प्वाइंट पर लगा एक घंटे जाम

सोनिक। प्रभारी मंत्री के काफिले से सोनिक मोड़ के डायवर्जन प्वांइट पर सोमवार शाम करीब छह बजे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते वाहनों की संख्या बढ़ती गई और जाम दो किलोमीटर तक पहुंच गया। डायवर्जन प्वाइंट पर कोई पुलिस कर्मी तक तैनात नहीं था। काफिले के निकलने के बाद करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसकर वाहन सवार परेशान हो गए। किसी तरह से लोगों ने ही वाहनों को सीधे लेन में रखकर यातायात सुचारू कराया। तब कहीं जाकर सात बजे के करीब जाम खुल सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें