एआरटी द्वारा सीज किया गया गैस टैंकर।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कन्नौज में हुई बस दुर्घटना के बाद भी वाहन स्वामी व चालक सबक लेने का नाम नहीं ले रहे हैं। घटना के बाद से ऐसे वाहनों की धड़पकड़ में लगे एआरटीओ प्रर्वतन ने बुधवार दोपहर एक ऐसे गैस टैंकर को पकड़ा जो अवैध तरीके से सड़क पर दौड़कर लोगों की जान खतरे में डाल रहा था। इस कैप्सूल टैंकर का लंबे समय से न ही फिटनेस हुआ और न ही परमिट। टैक्स न जमा होने के अलावा बीमा समेत अन्य कागजात भी पूरे नहीं थे। टैंकर को सीज कर गैस लीकेज की संभावना पर उसे दही चौकी स्थित एचपी गैस बॉटलिंग प्लांट में खड़ा कराया गया है।
एआरटीओ सहदेव पाल बुधवार को गदनखेड़ा बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक एचपी के कैप्सूल गैस टैंकर को पकड़ा। एआरटीओ द्वारा चालक से वाहन से कागजात मांगे गए। चालक कागजात लेकर पहुंचा तो एआरटीओ भौचक्का रह गए। उन्होंने बताया कि गैस टैंकर कागजों में पूरी तरह अनफिट पाया गया। बताया कि पिछले तीन साल से न ही टैक्स जमा है और न ही फिटनेस। परमिट भी समाप्त है। बताया कि गैस टैंकर गुरु गोविंद सिंह रिफाइनरी भटिंडा से लोड होकर गोरखपुर जा रहा था। वाहन को सीज कर एचपी गैस बॉटलिंग प्लांट दही चौकी में खड़ा कराया गया है।