उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक बार फिर पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। यहां एक महिला प्रधान जो चौकी इंचार्ज की शिकायत करने पहुंची थी। उसके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं 63 अन्य लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र की हाजीपुर चौकी प्रभारी प्रेम शंकर दीक्षित पर भ्रष्टाचार का आरोप उन्हें हटाने की मांग कर दो दिन पहले शनिवार को कलक्ट्रेट में हाजीपुर की महिला प्रधान नीलम ने लगभग 70 लोगों के साथ प्रदर्शन किया था।
चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की जगह उल्टे पुलिस ने प्रधान नीलम समेत 43 नामजद व 20 अज्ञात पर कोविड महामारी व धारा 144 के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार महिला प्रधान के पति पर चौकी प्रभारी की रिपोर्ट पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई हुई थी। जिसकी पेशबंदी में वह कलक्ट्रेट पहुंची थी।