उन्नाव। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट भी गहराने लगा है। मंगलवार रात शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में तार और पोल टूटने से 16 घंटे बिजली गुल रही। वहीं हसनगंज में मोहान पावर हाउस का ट्रांसफार्मर फुंकने से 25 हजार लोग परेशान रहे। उधर गंजमुरादाबाद में 48 घंटे में मात्र 15 घंटे ही बिजली आई है। लोगों ने रात टहलकर गुजारी। पसीने से तरबतर होकर व्यवस्था को कोसते रहे। सुबह पानी के लिए भागदौड़ करनी पड़ी।
सिविल लाइन में मंगलवार रात करीब एक बजे वाहन की टक्कर से पोल गिर गया। इससे एलटी लाइन टूट गई। पूरी रात बिजली गुल रही। लोगों को सुबह पानी भी नहीं मिल पाया। सुबह नौ बजे के बाद मरम्मत शुरू हुई।
16 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं हसनगंज में नगर पंचायत मोहान विद्युत उपकेंद्र में रखा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लोड बढ़ने के कारण मंगलवार देर शाम फुंक गया। इससे मोहान फीडर व नेवलगंज फीडर के खपरा मुस्लिम, मीरखेड़ा, भोगला, कोईया मदारपुर व शंकरपुर गांवों के करीब 25 हजार लोग रात भर परेशान रहे। अधिशासी अभियंता ने बुधवार को दो घंटे के लिए हसनगंज से वैकल्पिक व्यवस्था कर तार जुड़वाया। मोहान सब स्टेशन की बिजली शुरू करवाई। अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर जल्द आ जाएगा।
गंजमुरादाबाद में कस्बे के साथ ही ग्रामीण इलाकों की करीब 25 आबादी बिजली संकट से जूझ रही है। पिछले 48 घंटे में मात्र 15 घंटे ही बिजली मिल सकी है। कटौती के कारण लोगों को पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति न हो पाने से हैंडपंप पर लाइन लग रही है। बिजली न आने से लोग रात भर पंखा झलते रहे। जेई नीरज पाल ने बताया कि जितनी बिजली ऊपर से मिल रही है, उतनी आपूर्ति की जा रही है।