जगन्नाथगंज स्थित दुर्गा मंदिर में देवी मां के दर्शन करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन भी देवी मंदिरों में भोर पहर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कुछ लोग नंगे पांव दर्शन करने पहुंचे। घरों से देवी मंदिरों तक मां की भक्ति की बयार बही। मंदिरों में मां मुरादें पूरी कर दे, हलुआ बाटूंगी और चलो बुलावा आया है, मैया ने बुलाया है, गीतों की गूंज रही। मां की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
शहर के कल्याणी देवी मंदिर, बड़े दुर्गा मंदिर, पूर्णादेवी धाम, बक्सर स्थित माता चंद्रिका देवी धाम, नवाबगंज के कुशहरी देवी मंदिर, दुर्गा मंदिर में मैया के भव्य श्रृंगार करने के बाद दर्शन और पूजन के लिए कपाट खोले गए। मंदिरों व घरों में भजन- कीर्तन कर मां का गुणगान किया। मां की आरती व जयकारों की गूंज रही। कई स्थानों पर जगराते का भी आयोजन हुआ। बक्सर स्थित मां चंद्रिका देवी धाम मंदिर भक्तों के आस्था का केंद्र हैं। मां के तीसरे स्वरूप की पूजा करने के लिए आसपास क्षेत्रों के साथ दूरस्थ स्थानों से आए भक्तों की भीड़ उमड़ी। सुबह से शाम तक भक्त लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।