-जिला अस्पताल में भर्ती गोली लगने से घायल शाहिद।
- फोटो : amarujala
बांगरमऊ। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा टोला निवासी युवक को खेत पर जाते समय तीन लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के बाएं पैर में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली मारने के बाद हमलावर भाग निकले। पीड़ित ने फोन से परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे सीएचसी लाए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घायल युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस गोली मारने के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कस्बा टोला निवासी शाहिद (21) पुत्र असगर अली सुबह लगभग ग्यारह बजे खेत की ओर जा रहा था। शाहिद के मुताबिक गांव के बाहर बोधेश्वर मंदिर के निकट पहले से घात लगाए जमील पुत्र नजीर ने अपने बेटे रईस व फहीम के साथ मारपीट की। बाद में जमील ने तमंचे से गोली मार दी। गोली शाहिद के बाएं पैर में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घायल शाहिद ने फोन से घर वालों को सूचना दी। परिजन घायल को सीएचसी लाए। साथ ही पुलिस को जानकारी दी। गोलीकांड की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। जांच के दौरान पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। चर्चा रही कि घायल की कमर में तमंचा लगा था। उसी का ट्रिगर दबने से गोली लगी है। घायल ने पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल अरुण द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर दी है। घायल गोली मारने का कारण नहीं बता रहा है। घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है।