उन्नाव। रिटायर्ड फौजी की होनहार बेटी का शव घर के कमरे में लटका मिला। शव देख परिजन बदहवास हो गए। मृतका के भाई ने मानसिक बीमारी से ऊबकर बहन के आत्महत्या करने की बात कही है। युवती की मौत को लेकर मोहल्ले में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। घटना की जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला पीताम्बर नगर भाग (एक) निवासी रिटायर्ड फौजी सिद्धनाथ सिंह की पुत्री कुसुम कुमारी (24) का शव शनिवार सुबह घर के बाहरी कमरे में फंदे से लटका मिला। देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर मां इंद्रकली उसे जगाने पहुंची। बेटी का शव लटका देख मां चीख-चिल्ला पड़ी। शोर सुनकर दौड़े अन्य घर के लोग कुसुम का शव फंदे से लटका देख दंग रह गए। कुसुम दो भाइयों मोहित और अनुराग के बीच अकेली थी।
घटना की जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों ने पूछताछ के बाद शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई मोहित ने बताया कि कुसुम तीन साल से टीबी रोग से ग्रसित थी। उसका इलाज कानपुर के आर्मी हास्पिटल से चल रहा था। बीमारी से ऊबकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मोहल्ले के लोगों में कुसुम की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। लोगों की मानें तो कुसुम पढ़ाई में अव्वल थी। वह स्नातक कर चुकी थी। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों ने बीमारी से ऊबकर आत्महत्या की तहरीर दी हैै। इस पर पोस्टमार्टम कराया गया है।