शुक्लागंज। पब्लिक साथ आए तो कानून-व्यवस्था सुधारने को किसी की जरूरत नहीं। कुछ ऐसा ही वाकया कस्बे के आजाद मार्ग पर हुआ। स्कूटी सवार बहनों ने उनके गहने छीनकर भाग रहे लुटेरों का शोर मचाते हुए पीछा किया। इसी बीच बाइक सवार एक अन्य युवक भी उनके साथ लुटेरों का पीछा करने लगा। आजाद मार्ग पर बाइक सवार लुटेरों को पब्लिक ने घेर कर पकड़ लिया। पब्लिक ने लुटेरों को जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने लुटेरों के पास से लूट के जेवर बरामद किए है।
कानपुर नवाबगंज निवासी आरती ने बताया कि बुधवार की सुबह वह थाना क्षेत्र के बंदीपुरवा गांव में अपनी बड़ी बहन राखी पत्नी सोनेलाल को स्कूटी से लेने गई थी। दोपहर बाद वह बहन को स्कूटी से लेकर आजाद मार्ग होकर मरहला की ओर जा रही थी अभी वह जालिमखेड़ा मोड़ तक पहुंची ही थी कि अचानक एक बाइक से पीछे से आए दो लुटेरों ने स्कूटी में बैठी बहन की कमर से कमर पेटी और गले में पड़ा हार खींच कर भाग निकले। उसने शोर मचाते हुए लुटेरों का पीछा किया। तभी राह चलते एक बाइक सवार ने उसकी मदद करते हुए बाइक से पीछा करते हुए शोर मचाना शुरू किया। धनईया मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े कुछ लोगों ने शोर सुना तो उन्होंने बाइक सवार लुटेरों को घेर लिया और पकड़ कर उनकी जमकर पिटाई की। तलाशी ली गई तो उनके पास से कमर पेटी मिली जबकि हार गायब था। आक्रोशित ग्रामीणों ने लुटेरों को जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। गंगाघाट पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे मो. अयान पुत्र मो. रियाज निवासी त्रिवेणी नगर व सोनू पुत्र छुट्टन निवासी इखलाख नगर शुक्लागंज के हैं।