शहर के मोहल्ला पीतांबर नगर निवासी कुलवीर (35) रविवार सुबह मोहल्ले में
रहने वाले सलीम और उसके भाई शरीफ के साथ माखी थानाक्षेत्र के वीरूगढ़ी गांव
जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाइवे पर औद्योगिक क्षेत्र दहीचौकी झंझरी मार्ग की
ओर मोड़ते समय टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप
से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया
जहां डॉक्टरों ने कुलवीर को मृत घोषित कर दिया। घायलों का जिला अस्पताल में
इलाज चल रहा है।
सफीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, सफीपुर-परियर मार्ग पर
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी की
हालत नाजुक है। कानपुर के थाना कर्नलगंज क्षेत्र में ईदगाह कॉलोनी निवासी
ओमप्रकाश (35) रविवार को अपने साथी गुलाब बाबू (32) के साथ सफीपुर कोतवाली
क्षेत्र के जमालनगर निवासी पूर्व प्रधान मेहताब आलम के पास जा रहा था।
दोनों बाइक से गंगाबैराज के रास्ते परियर से जमालनगर की ओर बढ़ रहे थे तभी
अज्ञात वाहन ने टक्कर से घायल हो गए। ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई
जबकि गुलाब बाबू को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया
गया। परिजन जिला अस्पताल के बजाए इलाज के लिए कानपुर लेकर चले गए।
नवाबगंज
प्रतिनिधि के अनुसार, हाइवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र में बाइकों की भिड़ंत
में एक बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोहरामऊ थानाक्षेत्र
के हीराखेड़ा गांव निवासी रामगुलाम (50) रविवार शाम को आशाखेड़ा गांव
निवासी संतोष (45) के साथ दवा लेने नवाबगंज जा रहा था। रसूलपुर मोड़ के पास
दूसरी बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। घायलों में संतोष की हालत गंभीर
है। घायलों को नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।