उन्नाव। जिला क्रिकेट एसोसिएशन उन्नाव की ओर से आयोजित 11वीं डा. सुखदेव प्रसाद गुप्त जनपदीय जूनियर क्रिकेट लीग का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। प्रथम मैच सेंट लारेंस व सेंट्रल क्लब के मध्य खेला गया। इसमें सेंट्रल क्लब ने सेंट लारेंस स्कूल को दो विकेट से तथा दूसरे मैच में सर सैय्यद ने सेंट ज्यूड्स को 37 रनों से हराया।
मैच के पूर्व जिला क्रिकेट एसोसिएशन के उपचेयरमैन रजनींद्र दीक्षित व उपाध्यक्ष विनोद कृष्ण शर्मा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पहले मैच में सेंट लारेंस ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 97 रन बनाए। इसमें मणिक शुक्ला के सर्वाधिक 13 रन रहे। सेंट्रल क्लब की ओर से बालिंग करते हुए हर्ष ने 21 रन देकर 4 विकेट व देवांश व देवेंद्र ने 2-2 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल क्लब की टीम ने 18.5 ओवर में 8 विकेट खोकर 98 रन बनाकर 2 विकेट से जीत हासिल की। इसमें राहुल नाबाद 19 रन व अनुभव ने 18 रनों का योगदान दिया। सेंट लारेंस की ओर से शिवम विमल, यश सेंगर ने 2-2 विकेट लिए।
दूसरा मैच सर सैय्यद कालेज व सेंट ज्यूड्स कालेज ब्लू के मध्य हुआ। सर सैय्यद कालेज की टीम ने टास जीतकर प्रथम बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 133 रन अर्जित किए। जिसमें अविनाश ने महत्वपूर्ण 54 रन रहे। सेंट ज्यूड्स कालेज की ओर से अटल ने 4 व देवराज ने 3 विकेट प्राप्त किये। 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स कालेज ब्लू 17.1 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 96 रनों पर आलआउट हो गयी। सर सैय्यद कालेज की ओर से अभिषेक ने 4 विकेट, अविनाश व शशिकांत 2-2 विकेट प्राप्त किए। मैच के दौरान राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, राजेंद्रनाथ, वीपी तिवारी, अनुज यादव, अभिनव त्रिपाठी व मंसूर खान उपस्थित रहे। अंपायरिंग दिलीप, नीरज तथा स्कोरिंग आरके वर्मा ने की। महामंत्री ने बताया शनिवार का प्रथम मैच सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल व आदर्श विद्या मंदिर गीतापुरम् के मध्य सुबह 9 बजे तथा दूसरा मैच सेंट ज्यूड्स कालेज ग्रीन व राजकीय इंटर कालेज के मध्य दोपहर 12.30 बजे खेला जाएगा।