अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण में जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को हाईकोर्ट में दूसरी स्टेटस रिपोर्ट पेश की। सीबीआई ने अबतक की जांच में क्या पाया और जांच किस दिशा में बढ़ रही है यह जानने के लिए जिले के लोग काफी उत्सुक रहे। सोमवार को दोनों पुलिस कर्मियों की कस्टडी रिमांड बढ़ने से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में सीबीआई, गिरफ्तार दोनों पुलिस कर्मियों का पुलिस अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से आमना-सामना करा सकती है।
विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण की जांच के लिए शहर में डेरा डालकर दिनरात जांच में जुटी सीबीआई ने सोमवार को अपनी स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की। उधर बुधवार को गिरफ्तार किए गए माखी थाना के पूर्व एसओ अशोक सिंह भदौरिया और दरोगा केपी सिंह का विधायक सेंगर से आमना-सामना कराने के बाद सीबीआई ने तीन दिन की कस्टडी रिमांड और ली है। इस दौरान सीबीआई किशोरी के पिता के हत्या में किशोरी की मां की ओर से आरोपी बनाए गए पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग कर्मियों और विधायक के गुर्गों से आमना-सामना करा सकती है। इससे लोगों में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई जून 2017 से 8 अप्रैल 2018 तक जिले में तैनात रहे पुलिस अधिकारियों, सर्किल अफसरों के अलावा माखी थाने में तैनात पुलिस कर्मियों के अलावा स्वास्थ्य व जेल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से भी पूछताछ कर सकती है।