नवाबगंज। लखनऊ से ऑटो में सवारियां बन बैठे लुटेरों ने बंथरा के एक ढाबे में चालक को चाय पिलाई। चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। इससे चालक बेहोश हो गया। बाद में लुटेरे चालक को नवाबगंज कसबे के सोहरामऊ टेंपो स्टैंड के निकट फेंक कर भाग निकले। राहगीरों ने चालक को पड़ा देखा तो चौकी इंचार्ज को सूचना दी। चौकी इंचार्ज चालक को चौकी लाए। होश आने के बाद उसने घटना की जानकारी दी।
लखनऊ के हैडिल निवासी गोविंद पुत्र राजू ऑटो चलाता है। सोमवार को उसे लखनऊ में दो युवक मिले और बंथरा तक 400 रुपये में ऑटो बुक किया। गोविंद ने बताया कि युवकों ने बंथरा आते-आते तीन जगह ढाबों पर रुककर चाय पिलाई। इसी दौरान चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। वह नवाबगंज कैसे पहुंचा उसे खुद पता नहीं। सड़क किनारे पड़े युवक को बेहोश देख राहगीरों ने सूचना चौकी इंचार्ज रवींद्र बहादुर सिंह को दी। वह मौके पर पहुंची और बेहोश युवक को चौकी लाए। होश में आने के बाद उसने घटना की जानकारी दी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच की जा रही है। इसके पहले 10 जून को लखनऊ से एक ऑटो बुक कर लुटेरे नवाबगंज लाए थे। अजगैन के कटरा हनुमान मंदिर के पास ऑटो चालक को पीटकर उसका ऑटो लूट ले गए थे। कानपुर के नौबस्ता थाने में इसका खुलासा भी हुआ था।