पाटन। खेत में दो दिन से टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद शव को हटाया गया। बवाल और जाम के आसार देख पुलिस ने आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार के लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिहार थानाक्षेत्र के गांव महाराजपुर के मजरा परसंडा गांव निवासी दयाराम पाल (57) बुधवार सुबह खेत पर गया था। खेत में ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। विद्युत आपूर्ति चालू होने से दयाराम उसकी चपेट में आकर चिपक गया। इससे उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने देखा तो मृतक के परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि तार दो दिन से टूटा पड़ा था।
विद्युत विभाग में मरम्मत का काम करने वाले ठेकेदार अभिषेक के लाइनमैन ज्ञानी को सूचना दी गई थी। वह तार जोड़ने के लिए पांच सौ रुपये मांग रहा था। रुपये न देने पर उसने तार नहीं जोड़ा। इससे दयाराम की मौत हो गई। मृतक के तीन बेटे सोनू, राकेश व दिनेश हैं। दिनेश की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राइवेट लाइनमैन ज्ञानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विद्युत विभाग के जेई शशिमणि कश्यप ने बताया कि तार टूटने की जानकारी विभाग को नहीं दी गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि प्राइवेट लाइनमैन को सूचना दी गई थी। इसके बाद भी तार न जोड़ने वाले लाइनमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम को भेजकर तार को जुड़वा दिया गया है।
करंट से दस दिन में तीसरी मौत
विद्युत विभाग के अफसरों की लापरवाही लोगों की जान ले रही है। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी कई-कई दिन तक कोई मरम्मत करने नहीं पहुंचता है। हादसे में जन या पशु हानि होने पर विभाग मुआवजा दिलाने की बात कहकर अपनी खामियों पर पर्दा डाल देता है। बुधवार को बिहार के परसंडा गांव निवासी दयाराम पाल की मौत से पहले सोमवार को अवस्थी खेड़ा गांव में टूटे तार की चपेट में आकर अनुराग की मौत हो गई थी। एक अक्तूबर को मसवासी के मोहल्ला सरांय निवासी दीपा पत्नी दिनेश की खेत पर जाते समय रास्ते में टूटे तार की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
दोषियों पर होगी कार्रवाई : एक्सईएन
एक्सईएन राजमंगल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जो भी विद्युत लाइनें जर्जर हैं, उन्हें बदलने और मरम्मत कराने का काम चल रहा है। जो भी घटनाएं हुई हैं सभी की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-दो दिन पहले टूटा तार न जोड़ने वाले प्राइवेट लाइनमैन पर रिपोर्ट