उन्नाव। सदर कोतवाली के मोहल्ला कल्याणी निवासी युवक ने हरदोई जिले के मल्लावां निवासी तीन युवकों व एक महिला पर साजिश के तहत पत्नी को घर से ले जाने व हरदोई के एक युवक के साथ शादी कराने का आरोप लगाया है। युवक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसके दो छोटे छोटे बच्चे हैं। आरोपी उसे लगातार जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
हरदोई के मल्लावां बाजीगंज निवासी फुरकान ने बताया कि वह पत्नी व बच्चों के साथ शहर के कल्याणी मोहल्ला में ससुराल में रहता है। मल्लावां निवासी सर्वेश का उसके घर आना जाना था। सर्वेश के साथ ही सुशीला, समीर व रामजी भी अकसर उसके घर आते थे। पांच फरवरी को यह लोग उसकी पत्नी को लेकर चले गए। खोजबीन करते हुए जब वह मल्लावां पहुंचा तो आरोपियों ने बताया कि अब उसकी पत्नी की दूसरे युवक से शादी कर दी गई है।
फुरकान का आरोप है कि किसी से शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। मल्लावां से लौटने के बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सर्वेश, सुशीला, रामजी व समीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
- शहर के कल्याणी निवासी युवक ने महिला समेत चार पर दर्ज कराया मुकदमा