वरुणा एक्सप्रेस के चालक ने बचाई युवक की जान
उन्नाव। गंगापुल पर रेलवे ट्रैक के किनारे घूम रहे युवक की वरुणा एक्सप्रेस चालक की सतर्कता से जान बच गई।
चालक के इमरजेंसी ब्रेक लेने से युवक एक कोच की चपेट में आकर घायल हो गया। चालक ने युवक को ट्रेन में बैठाकर कंट्रोल को सूचना दी। जीआरपी इंस्पेक्टर ने युवक का इलाज कराकर निजी खर्च पर बलिया भेज दिया।
शनिवार शाम करीब पांच बजे गंगापुल (शुक्लागंज) पर जरवाड़ी दुबहर जिला बलिया निवासी आशीष कुमार राय पैदल घूम रहे थे। तभी ट्रैक पर वरुणा एक्सप्रेस आ गई। ट्रैक के किनारे युवक की चहलकदमी देखकर चालक ने हार्न बजाया। इस पर यह हड़बड़ाकर भागने लगे। युवक को ट्रैक पर आता देखकर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन को रोक दिया।
इस दौरान युवक कोच की चपेट में आकर घायल हो गया। चालक ने सवारियों की मदद से घायल को ट्रेन में बैठाया। चालक ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल की सूचना पर जीआरपी इंस्पेक्टर सीपी सिंह ने ट्रेन के पहुंचने पर घायल को उतरवाया।
युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत में सुधार होने पर युवक घर जाने की जिद करने लगा। डाक्टरों के हालत सामान्य बताने पर इंस्पेक्टर युवक को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इंस्पेक्टर सीपी सिंह ने बताया कि युवक रेल पटरियों के किनारे से कानपुर की तरफ जा रहा था।
इस दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक का इलाज कराने के बाद नगदी की व्यवस्था कर बलिया भेज दिया गया।
- गंगापुल पर रेलवे ट्रैक के किनारे घूम रहा था युवक, चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन रोकी
अमर उजाला ब्यूरो