उन्नाव। शहर कोतवाली स्थित आवास विकास कालोनी में बाइक सवार दो युवक वृद्धा को झांसा देकर झूलेलाल मंदिर ले गए। वहां वृद्धा को आंख बंदकर जाप करने को कहा। वृद्धा जाम करने लगी, इसी बीच दोनों युवक उसके सोने के कंगन लेकर फरार हो गए। वृद्धा ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
आवास विकास कालोनी के बी ब्लाक निवासी श्रवण राजपाल की लखनऊ में पान मसाला फैक्ट्री है। बृहस्पतिवार को वह फैक्ट्री के काम से लखनऊ गए थे। घर पर उनकी मां सुशीला थी। शाम के वक्त बाइक से दो युवक पहुंचे और वृद्ध सुशीला को बताया कि कानपुर निवासी शकुंतला नाम की एक महिला कैंसर से पीड़ित है। उसका भोपाल के अस्पताल में इलाज हो रहा है। एक बाबा ने बताया है कि अगर किसी वृद्धा के हाथों से झूलेलाल मंदिर में 15 हजार रुपये दान करवाया जाए तो बीमारी दूर हो जाएगी। इस पर सुशीला और वहां मौजूद पड़ोसी प्रकाश फुलवानी उसकी बातों में आ गए।
दोनों युवक उन्हें अपने साथ लेकर पास ही स्थित झूलेलाल मंदिर ले गए। एक युवक प्रकाश फुलवानी को मंदिर के बाहर बातों में उलझाए रहा और दूसरा सुशीला के साथ मंदिर में चला गया। मंदिर में उसने सुशीला को 15 हजार रुपये देते हुए सोने से छुआने को कहा। वृद्धा ने अपने दोनों कंगन उतारकर रखे और रुपये छुआए। युवक ने कंगन एक थैले में रखा और वृद्धा से आंखें बंद कर 51 बार झूलेलाल का जाप करने को कहा। वह जाम करने लगीं, इसी बीच वह युवक बाहर आया और प्रसाद लाने के बहाने दूसरे साथी को बाइक पर बैठाकर चला गया। काफी देर तक सुशीला और प्रकाश फुलवानी दोनों के लौटने का इंतजार करते रहे। दोनों के न लौटने पर उन्हें टप्पेबाजी का अहसास हुआ। शुक्रवार को पीड़िता ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-बीमारी के इलाज का झांसा देकर मंदिर में जाप कराने के बहाने उतरवाए कंगन
- शहर कोतवाली स्थित आवास विकास कालोनी में हुई वारदात