उन्नाव। शनिवार सुबह घर से पति के साथ मार्निंग वाक के लिए निकली महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। छीना झपटी के दौरान धक्का लगने से महिला गिर पड़ी। इससे चेन बच गई। इस बीच जब महिला के पति ने बाइक सवार युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो वह धमकी देकर रायबरेली की ओर भाग निकले। पीड़ित महिला के अनुसार आरोपी सिर पर हेलमेट लगाए हुए थे।
शहर के इंद्रा नगर निवासी कुंती त्रिपाठी कानपुर में एसबीआई में क्लर्क हैं। पति हिमांशू त्रिपाठी आर्डिनेंस फैक्टरी में काम करते हैं। पति-पत्नी मार्निंग वाक करने के लिए निकले थे। हिमांशू के अनुसार युवक काले रंग की पल्सर बाइक से आए थे। युवकों के भागने के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। हालांकि कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्हें लिखित सूचना कोई नहीं मिली है। लिखित तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-बाइक सवार लुटेरे के धक्के से सड़क पर गिरी, पति ने दौड़ाया तो धमकी देकर भागे