पाटन (उन्नाव)। पेड़ की लकड़ी बीनने से नाराज भतीज बहुओं की चचिया ससुर से मारपीट हो गई। यह देख खेत में ही मौजूद सास ने पति को बचाने का प्रयास किया तो वह भी मारपीट में घायल हो गई। सूचना पाकर परिजन वृद्ध को अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने चचेरी भाभियों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना के बाद से दोनों महिलाएं फरार हैं।
बिहार थाना क्षेत्र के धुआंधार गांव निवासी मनोज लोधी और उसके भाई प्रदीप लोधी ने अपने खेत में लगे गूलर का पेड़ मंगलवार को बेच दिया था। मनोज के बुजुर्ग चाचा लक्ष्मीनारायण (75) और चाची महदेई (70) बुधवार शाम को अपने खेत में थे।
इसी दौरान लक्ष्मीनारायण काटे गए पेड़ की बिखरी पड़ी लकड़ी बीनकर अपने खेत में रखने लगे। तभी खेत पहुंची मनोज और प्रदीप की पत्नियों ने लकड़ी बीनने का विरोध किया। विवाद होने पर लक्ष्मीनारायण से मारपीट हो गई। शारीरिक रूप से कमजोर बुजुर्ग वहीं गिर गया।
मारपीट होते देख महदेई बचाव करने पहुंची तो वह भी जख्मी हो गई। सूचना पर लक्ष्मीनारायण का बेटा गंगादीन व परिवार के अन्य लोग पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने लक्ष्मीनारायण को मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही आरोपी परिवार भाग निकले।
एसओ मो. अशरफ ने बताया मृतक काफी बुजुर्ग था। मृतक के शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट नजर नहीं आ रही है। उन्होंने बताया बेटे गंगादीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-खेत में काटे गए पेड़ की लकड़ी बीनने पर नाराज हुई थीं बहुएं
-बचाने पहुंची सास भी घायल, पुलिस ने कराया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो