बांगरमऊ। बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत पर परिजनों ने नर्सिंगहोम स्टॉफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगा शव रखकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर परिजनों ने नानामऊ घाट में शव का अंतिम संस्कार किया है।
ग्राम दुल्लापुरवा निवासी संजय ने अपनी पत्नी संगीता (23) को प्रसव पीड़ा होने पर 29 दिसंबर को हरदोई-उन्नाव मार्ग स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। अस्पताल कर्मियों ने उसे लखनऊ में इलाज कराने की सलाह देकर लखनऊ के एक दूसरे नर्सिंगहोम में भर्ती करा दिया। 30 दिसंबर को गर्भवती ने एक बालक को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद ही प्रसूता की हालत बिगड़ी और मौत हो गई। परिजन शव को लेकर नर्सिंगहोम पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल बृजेंद्र नाथ शुक्ल ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव का नानामऊ घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।