उन्नाव। अवैध मिट्टी खनन में दो डंपर और जेसीबी पकडी गई है। कोतवाली लेकर जाते समय रास्ते में रेलवे क्रासिंग बंद होने पर चालक तीनों वाहन छोड़कर भाग निकले। तीनों वाहन सीज कर दिए गए हैं।
अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर बुधवार रात खनन अधिकारी अमित रंजन ने राजस्व टीम के साथ देवारा खुर्द गांव में छापा मारा। टीम के पहुंचते ही खनन कर रहे और कराने वाले लोग भाग निकले। टीम को यहां एक जेसीबी और दो डंपर मिले। टीम तीनों वाहनों को लेकर गंगाघाट कोतवाली जा रही थी। रास्ते में पकड़े गए वाहन चालकों ने वाहन सहित भागने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। रास्ते में सहजनी रेलवे क्रासिंग बंद होने पर जैसे ही वाहन रुके, जेसीबी व दोनों डंपर के चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। पकड़े गए वाहनों को कोतवाली पहुंचाने के लिए टीम को घंटों जूझना पड़ा।
खनन अधिकारी ने गंगाघाट कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिए। खनन अधिकारी ने बताया कि खनन कराने वालों में किसी रवि व अमर के नाम सामने आए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।