औरास। तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म की चर्चा पुलिस तक पहुंची। एसओ प्रदीप कुमार ने गांव जाकर जांच की तो बच्ची के पिता ने आपबीती बताई। जिस पर उसे तहरीर देने के लिए थाना बुलाया गया। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि 7 नवंबर को वह परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत में धान काटने गया था। घर पर उसकी दो मासूम बेटियां थीं। गांव का युवक घर में घुस गया और उसकी तीन वर्षीय बेटी से दुष्कर्म किया। बेटी की हालत ठीक न होने पर पहले उसका इलाज कराया। हालत बिगड़ने पर गांव में चर्चा फैल गई। कुछ लोगों ने सुलह का दबाव बनाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया।