उन्नाव। मिशन शक्ति अभियान के तहत हक की बात जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम में छह महिलाओं ने फोन करके अपनी व्यथा बताते हुए न्याय की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के आदेश दिए।
कलक्ट्रेट कार्यालय में शाम चार बजे से हक की बात जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यालय के दूरभाष नंबर पर छह महिलाओं ने फोन करके शिकायतें बताईं। सफीपुर की एक महिला ने फोन पर बताया कि तीन तलाक कहकर पति ने छोड़ दिया। इसकी एफआईआर भी दर्ज कराई। फिर भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। एक महिला ने बताया कि उसके भाई की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। थाना अचलगंज में एफआईआर भी दर्ज हुई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अचलगंज के ही एक इंटर कालेज की दो शिक्षिकाओं ने डीएम को विद्यालय के बाहर ठेका होने और वहां पर अराजकतत्वों द्वारा शराब पीकर अभद्रता करने की जानकारी दी।
इसी प्रकार पाटन व कब्बाखेड़ा की दो महिलाओं ने बताया कि पति की मौत होने के बाद ससुराल पक्ष ने घर से निकाल दिया। पति के हिस्से की जमीन-जायदाद भी नहीं दी। डीएम रवींद्र कुमार ने मामलों को गंभीरता से लेकर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को जांच करके निस्तारण के आदेश दिए।