चकलवंशी। मेले में झगड़ा होने के बाद घर पहुंचे कार सवार लोगों ने युवक पर फायर कर दिया। पेट में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर तीन लोगों पर पति को जान से मारने की कोशिश व एससीएसटी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद पिता व पुत्र को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। तीसरा आरोपी फरार है।
रऊकरना गांव में प्रत्येक वर्ष की भांति रविवार को रामलीला में मेले का आयोजन किया गया था। गांव निवासी संदीप उर्फ कल्लू पथरकट (25) रामलीला देखने गया था। मेले में किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था। रात 12 बजे वह घर पहुंचा। संदीप की पत्नी पूनम का आरोप है कि रात एक बजे पति घर पर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान दो चौपहिया वाहनों से कुछ लोग घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। पति बाहर निकले तो गोली मार दी। इससे वह गिर गए। हमले के बाद आरोपी भाग निकले। पति को घायल देख पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर गांव के सोनू सिंह, उसके पिता मुकेश सिंह व खटौली गांव निवासी बबलू यादव पर जान से मारने की कोशिश व एससीएसटी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी पिता व पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सोनू सिंह ने बताया कि बुखार आने से वह मेला देखने ही नहीं गया था। उसे व उसके पिता को राजनीतिक द्वेष में फंसाया गया है। दो दिन पूर्व संदीप का विवाद थाना गांव के कुछ युवकों से हुआ था। पुलिस ने मेला संचालकों के साथ गांव के उन लोगों से भी पूछताछ शुरू की है जो मेला देखने गए थे।