अचलगंज। बंदीपुरवा में शुक्रवार रात किसान की हत्या पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रशीटर ने दो बेटों के साथ मिलकर की थी। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर व उसके छोटे बेटे को गिरफ्तार किया है। बड़े बेटे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मृतक के बेटे ने हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में हत्या की बात कही है। किसान की एक महिला से नजदीकियों में भी हत्या की चर्चा है। पुलिस सभी तथ्यों पर जांच कर रही है।
बंदीपुरवा गांव निवासी किसान रामप्रसाद की अमरूद के बाग में धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे अजय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार दोपहर उसके पिता पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर सिद्दू के दरवाजे लगे हैंडपंप से पानी भरने गए थे। सिद्धू के परिजनों ने पानी भरने से मना किया। इस पर विवाद हो गया था। इसी खुन्नस में देर रात खेत से लौट रहे पिता रामप्रसाद की सिद्धू ने बेटे शिवपाल व कल्लू की मदद से धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। मरने से पहले पिता ने तीनों का नाम भी लिया था। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर व कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। शिवपाल की तलाश की जा रही है। रामप्रसाद की मौत से तीन बेटे व दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पत्नी की चार वर्ष पहले मौत हो गई थी। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पानी भरने को लेकर हुए विवाद में हत्या की बात सामने आई है। कुछ अन्य तथ्य भी सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्य संकलन के बाद हत्या के कारणों को सामने लाया जाएगा।
शनिवार को किसान रामप्रसाद के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार सिर पर धारदार हथियार के पांच, हाथ व पीठ पर दो गहरे घाव मिले हैं। डॉक्टर ने अधिक खून बह जाने से मौत की पुष्टि की है। शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
किसान की हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थित को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया था। दूसरे दिन भी मृतक के दरवाजे से गांव की गलियों में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस हर ग्रामीण की गतिविधि पर नजर रख रही है। किसी को भी एक जगह इकट्ठा होने नहीं दिया जा रहा है।
शुक्रवार दोपहर हुए झगड़े को नजरअंदाज कर हल्के में लेना राम प्रसाद को भारी पड़ गया। विवाद के बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। वह शिकायत करता तो घटना टल सकती थी। विवाद के बाद रामप्रसाद बाइक से बदरका की बाजार गया। वहां से सब्जी खरीदकर घर पहुंचा और फसल की रखवाली करने खेत चला गया। उसे अकेला देख पड़ोसी युवक ने बेटों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।