उन्नाव। जिले में बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रोजाना औसतन आठ मरीज भर्ती कराए जा रहे हैं। शनिवार को छुट्टी के कारण सिर्फ दो घंटे ही डॉक्टरों की ओपीडी थी। उसके बाद आए मरीजों को इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर ने देखा। यहां 11 बुखार पीड़ित मरीजों को भर्ती किया गया। सामान्य मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया गया।
गांधी व शास्त्री जयंती के चलते ओपीडी का संचालन सुबह 8 से 10 तक ही किया गया। उसके बाद मरीज इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर ने मरीजों को देखा। बुखार व डायरिया के गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया। इमरजेंसी में भर्ती हुए मरीजों में बसीरतगंज के हार्दिक (5) पुत्र अवधेश, मौरावां रंजीत खेड़ा की नेहा (14) पुत्री राजीव, लक्ष्मीपुर की नंदनी (30), पीडीनगर की सीता (55), सिंधौरा की विमला (18), सफीपुर जमल्दीपुर की ईशू (18), बीघापुर चकवाखेड़ा की श्रीकांती (35) , माखी पवई की कुसमा (40) को भर्ती कराया गया है। अन्य मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया गया। डेंगू, मलेरिया व टाइफाइड की आशंका पर जांच कराने की सलाह दी गई।