उन्नाव। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें एक युवक से दो सिपाही रुपये मांगते सुने जा रहे हैं। ऑडियो वायरल करने वालों का दावा है कि दही थाना के टीकरगढ़ी में नाली-खड़ंजा के विवाद में जांच करने पहुंचे दो सिपाहियों ने कार्रवाई के नाम पर पीड़ित पक्ष से पहले एक हजार रुपये मांगे। पीड़ित द्वारा इतने रुपये न होने की बात कहने पर सिपाही 500 रुपये मांग रहे हैं।
वायरल ऑडियो में पीड़ित युवक द्वारा खुद को मजदूर बता 350 रुपये कमाने व 100 रुपये सब्जी खरीद लाने की बात कही गई। युवक ने 250 रुपये खुद के पास होने और वहीं रुपये सिपाहियों से लेने की बात कही। एसओ गौरव कुमार ने बताया कि वायरल ऑडियो उन्हें मिला है। ऑडियो उनके थाना के सिपाहियों का है या नहीं, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में यदि सत्यता पाई तो कार्रवाई की जाएगी।