जिला अस्पताल में हंगामा करते परिजन। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। लोकनगर में दो बाइकों की टक्कर में घायर युवक की कानपुर के निजी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। शव जिला अस्पताल लेकर पहुंचे परिजनों ने टक्कर मारने वाले युवक पर रिपोर्ट और गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
लोकनगर निवासी 55 वर्षीय देवी सहाय घर के पास ही पंचर की दुकान चलाता था। शुक्रवार देर शाम दुकान बंदकर घर जाते वक्त सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में देवी सहाय गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में इलाज के दौरान हालत में सुधार न देख निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और बाइक चालक पर रिपोर्ट दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिला परिजनों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की मौत से बेटे बबलू का रोकर बुरा हाल रहा।