हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के मुंशीगंज रोड स्थित अमोइया गांव के बाहर जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमोइया गांव निवासी अजय ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने गांव के बासुदेव की पौने दो बीघे जमीन का बैनामा कराकर खेती शुरू की थी। उसी जमीन का हसेवा गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपना बैनामा दिखाया और रविवार को अपने भाइयों व दो दर्जन साथियों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए।
आरोप है कि मौके पर मौजूद उनके दोनों भाई अजय व चंदन से गालीगलौज कर लाठी-डंडे से पीटने लगे। मारपीट की सूचना मिलते ही ग्रामीण पहुंचे तो वह लोग भाग गए। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चंदन ने कोतवाली में तीन नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट, सोने की चेन सहित 5 हजार रुपये लूट ले जाने का आरोप लगाया।
इंस्पेक्टर अजयराज वर्मा ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। घायल चंदन ने तहरीर दी है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।