पुलिस गिरफ्त में अकरमपुर में हुए बवाल के दौरान भीड़ को भड़काने का आरोपी अरविंद राजवंशी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। अकरमपुर में दो माह पहले दो दोस्तों की मौत पर भीड़ को भड़काकर बवाल कराने वाले आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे उसे जेल भेज दिया है। आरोपी का नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था।
अकरपुर में 15 जून 2021 को दो दोस्तों की मौत पर परिजनों ने मुआवजे को लेकर सड़क जाम कर दी थी। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि माखी के पूरा निस्फपंसारी गांव निवासी मौजूदा समय में शहर के सिविल लाइंस में रहने वाले आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद राजवंशी ने भीड़ को उपद्रव के लिए उकसाया था। इस पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था। पथराव में 18 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। 300 लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान अरविंद का नाम प्रकाश में आया। तीन माह पहले फतेहपुर चौरासी में पांच लोगों की हादसे में मौत के बाद इसी आरोपी ने भीड़ को भड़काकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। उस पर फतेहपुर चौरासी थाना में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी।