नवाबगंज। सोहरामऊ थाना क्षेत्र में वृद्ध किसान का शव बाग में फंदे से लटका मिला। गांव में घरेलू कलह में जान देने की चर्चा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। पत्नी ने पति के आत्महत्या करने की तहरीर दी है।
सहरावां गांव के मजरे दरियाखेड़ा निवासी किसान रामबली (55) का शव घर से 200 मीटर दूर गांव के बाहर सुमन के बाग में आम के पेड़ से लटका मिला। भोर पहर ग्रामीणों ने शव देख परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर बदहवास हो गए। पत्नी राजवती ने बताया कि पति अक्सर नशे में झगड़ा करते थे। बुधवार रात भी झगड़ा किया और घर से चले गए। रातभर खोजबीन की गई पर पता नहीं चला। सुबह शव लटका होने की जानकारी मिली। एसओ अखिलेश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता का शव देख बेटे रामबाबू का रो-रोकर बुरा हाल है।