सफीपुर। कार व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार उत्तराखंड के एक युवक की मौत और पीछे बैठा युवक घायल हो गया। कार सवार दो लोग भी घायल हो गए।
उत्तराखंड के ऋषिकेश देहरादून के शिवाजी नगर निवासी कुलदीप (21) पुत्र सियाराम मौजूदा समय में अयोध्या जिले के भवई बरौली में रहकर मजदूरी करता था। गुरुवार को वह बाइक से पीलीभीत के थाना बदखेड़ा रामलीलीला मैदान निवासी दोस्त नितेश (19) के साथ उत्तराखंड जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर गांव के सामने सफीपुर से उन्नाव की ओर जा रही कार से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक सवार कुलदीप की मौत और नितेश घायल हो गया। कार चालक हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र के सजल गांव निवासी राहुल (30) और इमरान (38) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कार सवार इमरान ने बताया कि वह गांव के ही श्यामलाल के बेटे की शादी के लिए लड़की देखने इलाहाबाद जा रहा था।