बीघापुर। गांव अरम में सोमवार देर शाम एक महिला ने तमंचे से गोली मारकर जान दे दी। पुलिस और परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। पुलिस ने घर से तमंचा बरामद कर लिया है।
विमल द्विवेदी की 40 वर्षीय पत्नी पूजा सोमवार शाम बरामदे में चारपाई पर लेटी थी। सीओ बीघापुर कृपाशंकर कनौजिया के अनुसार महिला ने अचानक चीख कर बड़ी 12 वर्षीय बेटी गौरी को बुलाया और पेट में दर्द होने की बात कही। पेट में बाईं ओर सुराग देख गौरी ने गांव में लगे कैंप में कोविड वैक्सीन लगवाने गए पिता विमल को सूचना दी। विमल ने पत्नी के पेट में कपड़ा बांधा और बीघापुर पीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर को पुलिस सूचना में केस दर्ज करते देख परिजन पूजा को कानपुर ले जाने की बात कहकर वहां से चले गए। निजी अस्पताल में पुलिस केस बता भर्ती नहीं किया गया तो उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि बेटी ने पूछताछ में बताया कि गोली चलने की आवाज सुनी थी। बाद में पुलिस ने घर से तमंचा बरामद कर लिया। 15 वर्ष पहले विमल ने पड़ोस में रहने वाली सजातीय पूजा से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवारों में भी कोई अनबन नहीं थी। महिला के तीन बच्चे भी है। बड़ी बेटी गौरी (12), बेटा शिवांश (9) व शौर्य पांच वर्ष का है।