सफ ीपुर। सार्वजनिक शौचालय निर्माण के दौरान गांव के लोगों ने राजगीर (मिस्त्री) को जातिसूचक गाली देते हुए जमकर पीटा। घायल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर मारपीट व एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के जटपुरवा निवासी प्रभुदयाल राजगीर मिस्त्री है। ग्राम पंचायत समिति द्वारा बनवाए जा रहे सार्वजनिक शौचालय में वह काम करने पहुंचा था। इसी बीच गांव निवासी राकेश, अजय कुमार, श्यामबाबू ने निर्माण कार्य रोकने को कहा। प्रभुदयाल ने अनसुनी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा इस पर आरोपियों ने गाली देते हुए मारपीट कर दी।
ग्राम प्रधान सरला बाजपेई ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए सरकारी भूमि पर प्रस्ताव किया गया था। उस जमीन पर पहले से ही पशु बांधने का खूंटा गाड़ कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। तहसील प्रशासन ने 27 अगस्त को कब्जा हटाया था इसके बाद 30 अगस्त को ही दोबारा कब्जा कर लिया गया। फि र दो सितंबर को तहसील प्रशासन व पुलिस ने फिर कब्जा हटवाया। एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा। आरोपियों पर कार्रवाई के लिए कोतवाली प्रभारी को निर्देशित किया है। उपनिरीक्षक विजय सेंगर ने बताया कि प्रभुदयाल की तहरीर पर तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।