सीएचसी में घायल मनीराम से जानकारी लेती पुलिस ।
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के जैतीपुर गांव मोड़ के पास लखनऊ की ओर जा रही एक डीसीएम ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति व पौत्री घायल हो गए। दंपती मंझले बेटे की ससुराल से घर लौट रहे थे। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बाइक चला रहा युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी मनीराम (55) अपनी पत्नी रामजानकी (53) व मंझले बेटे राजकुमार की 6 वर्षीय बेटी रेशमा के साथ बुधवार को उसकी ससुराल कांथा गया था। शाम को घर लौटते समय जैतीपुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर मुड़ा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामजानकी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मनीराम और उसकी पौत्री रेशमा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। मनीराम की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में रामजानकी की मौत से चार बेटे व दो बेटियां बदहवास हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लिया है।