सोनिक (उन्नाव)। लोन नदी स्थित एक हाते के पास कोचिंग संचालक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव के नजदीक शराब का खाली पाउच और प्लास्टिक का ग्लास पड़ा पाया। जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान की गई। परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
सदर कोतवाली के सिविल लाइन मोहल्ला निवासी दुर्गेश पांडेय (40) घर पर ही कोचिंग चलाते थे। भाई संजय पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह सात बजे काम से जाने की बात कहकर निकले थे, उसके बाद घर नहीं लौटे। रात में उनका शव दही थानाक्षेत्र के लोन नदी स्थित एक हाते के पास पड़ा होने की सूचना मिली। शराब का पाउच मिलने पर उनका कहना था कि कभी पीते तो नहीं देखा, बाहर पीते हों तो पता नहीं। बताया कि पुलिस ने हम लोगों के पहुंचने से पहले ही शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पति की मौत से पत्नी नीलाक्षी, मां चंद्रावती, पिता राधेश्याम और दो बच्चे मानवी और शिवम बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव के पास शराब का पाउच और ग्लास पड़ा मिला है। हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।