दूली खेड़ा के मंझा गांव के पास बनी पुलिया के पानी को रोकने का प्रयास ग्रामीण। संवाद
- फोटो : UNNAO
बारासगवर। गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांव के खेतों में पानी भर गया है। कटान भी तेज हो गया है। इससे कटरी क्षेत्र के ग्रामीणों परेशान हैं। सदर तहसील क्षेत्र के कई गांवों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 111.800 मीटर पर पहुंच गया। यह चेतावनी बिंदु 112 मीटर से मात्र 20 सेमी दूर रह है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से नदी के आसपास के गांवों के लोग परेशान हैं। बीघापुर तहसील क्षेत्र के गांव के मांझा की ओर धारा मुड़ गई है। इससे इस गांव के लोग ज्यादा परेशान हैं। ग्रामीण वह पुलिया को बंद करने में जुट गए हैं जिससे पानी खेतों की ओर आ रहा है। गढे़वा के पसनियाखेड़ा व दूलीखेड़ा के शंभू का पुरवा, धर्मपुर समेत छह से अधिक गांवों के खेतों में तेजी से कटान हो रहा है।
एसडीएम अंकित शुक्ला ने बताया कि जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। उधर, सदर तहसील क्षेत्र में माना बंगला, बाबू बंगला, बंदनपुरवा, लालतुपुरवा, पनपता, धनकुखेड़ा, कोलवा, जुड़ापुरवा, पटियारा, महानंदपुरवा, बेनीपुरवा, टेपरा और अतरी सहित दो दर्जन गांवों के पास बाढ़ का पानी पहुंच गया है। किसानों को तरोई, लौकी, भिंडी,कद्दू, धान, मक्का आदि की फसल डूबने का डर सताने लगा है। ग्रामीण पानी पर दिन रात नजर रख रहे हैं।