फतेहपुर चौरासी। गंगा का जलस्तर बढ़ने से हिंदूपुर कटान स्थल पर पानी भर गया। इससे लघु सेतु का निर्माण फिर रुक गया है। वहीं किसानों में फसलों के सड़ने की चिंता है।
काली मिट्टी शिवराजपुर मार्ग पर ग्राम हिंदूपुर की पुलिया के पास तीन वर्ष पूर्व आई बाढ़ में मार्ग कट गया था। कटान पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लघु सेतु का निर्माण कराया जा रहा था। इधर, गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने से निर्माण स्थल भी जलमग्न हो गया। इससे निर्माण कार्य रोक दिया गया। फत्तेलाल, प्रकाश, शिवलाल, रामजीवन ने बताया कि अभी गंगा किनारे बोई गई परवल, तिल्ली की फसलें सुरक्षित हैं। यदि गंगा के जलस्तर में और वृद्धि हुई तो किनारे खड़ी फसलें भी डूब जाएगी। उधर, परियर क्षेत्र में भी जलस्तर बढ़ने से लोग परेशान नजर आने लगे हैं। सदर तहसील के परियर क्षेत्र में गंगा का जल स्तर बढ़ने से देविपुरवा, बंदनपुरवा, लाल्टूपुरवा, माना बंगला, बाबू बंगला, टपरा, महानंदपुरवा, बेनिपुरवा, कोलवा, अतरी, पनपथा, जूड़ापुरवा, पटियारा गांव में बाढ़ की आशंका से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण राजकुमार, विपिन, संजय, कमलेश, विनोद, निवाजी, सुंदर, रमेश, गुड्डू, पप्पू, रामकिशन, अरुण व रामू ने बताया यदि बाढ़ आ गई तो खेतों में तैयार लौकी, कद्दू, तरोई, टिंडा, सेम, करेला व मक्का आदि फसल बर्बाद हो जाएगी। राजस्व निरीक्षक शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि बाढ़ से निपटने की तैयारी लेखपालों को लगाकर की जा रही है। नाविकों की सूची व बाढ़ केंद्र चिह्नित कर लिए गए हैं।