उन्नाव। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले भर में सरकारी विभागों, स्कूलों, निजी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने पौधे लगाकर पेड़ बनने तक सुरक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण की शुद्धता और ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए पौधे लगाना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
ओरहर गांव में वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीएम रवींद्र कुमार ने पौध रोपण किया। इस मौके पर 200 पौधे लगाए गए। डीएम ने कहा कि अब पर्यावरण संरक्षण से चूकने पर भावी पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। अथर्व वेद में कहा गया है कि ‘प्रकृति: रक्षति रक्षिता’ अर्थात प्रकृति से सुरक्षा पाते रहने के लिए उसका संरक्षण जरूरी है। इस मौके पर प्रभागीय निदेशक ईशा तिवारी, एसडीओ आरएन चौधरी, वनरेंज अधिकारी वीके पांडेय, दरोगा रामदत्त व वन रक्षक अकील भी शामिल रहे। बार एसोसिएशन ने बार भवन परिसर में पौध रोपण किया। आरएसएस के जिला प्रचारक आलोक ने कहा कि कोविड महामारी में ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर आंखें खोल दी हैं। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर सिंह यादव ने कहा कि सभी को एकजुट होकर देश की भलाई के लिए काम करना चाहिए। संघ के जिला कार्यवाह आशीष सिंह, अजय मिश्र, शैलेंद्र दीक्षित, अधिवक्ता परिषद की प्रांतीय सदस्य व जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रीति सिंह, ज्योत्सना गोयल, सुरेश द्विवेदी ने भी पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। आरएसएस की ओर से शहर में 20 व बिछिया में पांच वटवृक्ष लगाए गए। जिला संयोजक समरसता अभिषेक, प्रचार प्रमुख कर्तव्य, प्रशांत, शुभम, बादल, निहाल व ईशु मौजूद रहे।
एसपी आनंद कुलकर्णीं ने पुलिस लाइन में पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। किसी जिम्मेदारी कम या ज्यादा नहीं हो सकती। इस मौके पर एएसपी शशि शेखर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधे लगाकर एक-एक पौधे की जिम्मेदारी ली।
युवा समाजसेवी टीम ने शहर में सड़कों के किनारे व अन्य खाली स्थानों पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। टीम के प्रमुख अमित यादव की अगुवाई में अमित सिंह, राहुल सिंह, अनुज, समाजसेवी राम प्रताप सिंह ने लोकनगर, हनुमान नगर, जुराखन खेड़ा में पौधे लगाए। जिला अस्पताल में कर्मचारियों ने पौधे लगाए। डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि पौधे हैं तभी तक प्रकृति है।