नवाबगंज। पूर्व मंत्री गंगाबक्श सिंह द्वारा नगर पंचायत नवाबगंज में कागजों में निर्माण कार्य कराने की शिकायत का सत्यापन करने दो विभागों के सहायक अभियंता पहुंचे। उन्होंने गहनता से जांच की। एक ही मार्ग के निर्माण पर दो बार भुगतान की जांच के लिए भुगतान संबंधी अभिलेख मांगे।
पूर्व मंत्री गंगाबक्श सिंह ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर नगर पंचायत नवाबगंज द्वारा बनवाए गए आठ मार्गों पर सवाल उठाए थे। बताया था कि मार्ग केवल कागजों पर बनवाए गए हैं।
डीएम ने मामले की जांच के लिए एसडीएम हसनगंज प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की है। टीम में पीडब्ल्यूडी के एई संजय श्रीवास्तव व डीआरडीए के एई आरबीएस भदौरिया भी शामिल हैं। दोनों सहायक अभियंताओं ने शनिवार को फिर से कस्बे में जाकर मार्ग निर्माण के बताए गए स्थलों की जांच की।
जांच अधिकारियों ने बताया कि एक मार्ग की डुप्लीकेसी की भी शिकायत की गई है। जिसमें 10 लाख से अधिक भुगतान की बात कही गई है। इससे संबंधित फाइल नगर पंचायत प्रशासन से मांगी गई है। फाइल मिलने के बाद आगे की जांच की जाएगी।