बीघापुर। बागवान, भूतनाथ, कर्मा, बाबुल, मजबूर, द बर्निंग ट्रेन, दहलीज, जमीर जैसी फिल्मों के निर्माता रवि चोपड़ा का तहसील क्षेत्र के अमरपुर गांव में बैसवारा के लोगों ने भव्य स्वागत किया। यहां वह अपने मित्र रमेशचंद्र मिश्र से मिलने आए थे।
कहा कि देश और समाज में जिस तरह से परिवर्तन आ रहे हैं वैसे ही फिल्मों में भी बदलाव का दौर आया है। उन्होंने फिल्मों की ही तरह टीवी सीरियलों में भी बदलाव होने की बात कही। पहले सीरियल चार सौ एपीसोड तक के होते थे लेकिन अब यह भी छोटे होते जा रहे हैं। रियलिटी शो इन पर हावी हो रहे हैं। संगीत और तलवार का पुराना संबंध है। उन्होंने कृष्ण की बांसुरी व सुदर्शन चक्र का उदाहरण दिया। बताया कि मेरा जन्म उत्तर प्रदेश के बनारस में हुआ, गाजियाबाद में शिक्षा प्राप्त की और अब कार्यक्षेत्र मुंबई है। उन्होंने गांवों के रहन-सहन को अच्छा बताया। अपने स्वागत से गदगद होकर उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बार-बार आना चाहूंगा। कार्यक्रम आयोजक रमेशचंद्र मिश्र व प्रवीण मिश्र ने रवि चोपड़ा को अंग-वस्त्र व प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अजीत सिंह बाबी, ओमप्रकाश, चंद्रभूषण शुक्ला, रविशंकर, छुन्नू शुक्ला, पप्पू यादव, अरुण द्विवेदी, सुरेश पटेल आदि उपस्थित रहे। संचालन जयशंकर पांडेय व आभार पप्पू मिश्रा ने व्यक्त किया।