दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पर बुधवार देर रात रामपुर से आगे धमौरा के पास पैसेंजर ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से उतरने से बाधित रेल रूट करीब 12 घंटे बाद शुरू कर दिया गया है।
गुरुवार को इस रूट से पहली ट्रेन आनंद बिहार-मुजफ्फरपुर को सुबह 10.05 बजे धीमी गति से चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंघल ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित की गई है।
रेलवे की टीम ने गुरुवार सुबह आठ बजे पटरी से आठ बोगियों को हटाया। जिसके बाद रेल प्रशासन ने रेल लाइन चलाने के अनुमति दी। मंडल रेल प्रशासन ने मुरादाबाद से सुबह नौ बजे आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली गरीब रथ को रामपुर-बरेली होकर चलाया।
बता दें कि, बुधवार रात 10.24 बजे रामपुर के नजदीक धमौरा स्टेशन के पास खाली पैसेंजर ट्रेन की आठ बोगी पटरी से उतर गई थी। इस वजह से 23 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया था। दिल्ली से बरेली और दिल्ली की ओर जाने वाली अप और डाउन इंटरसिटी तथा दिल्ली से सीतापुर की ओर जाने वाली समेत छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं। अप और डाउन ट्रैक ठप होने के कारण मुरादाबाद जंक्शन पर अफरा तफरी का माहौल रहा।