1. अखिलेश ने उठाया यूपी टीईटी और फूलन देवी का मसला
अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इन दिनों भाजपा सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। रविवार को उन्होंने यूपी टीईटी परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र लीक होने और पूर्व सांसद फूलन देवी पर भाजपा प्रवक्ता के टिप्पणी का मुद्दा उठाया।
पेपर लीक होने का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा, 'परीक्षा रद्द होने से बीसों लाख बेरोजगार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। भाजपा सरकार में पेपर लीक होना, परीक्षा व परिणाम रद्द होना आम बात है। उत्तर प्रदेश शैक्षिक भ्रष्टाचार चरम पर है। बेरोजगारों का इंकलाब होगा-बाइस में बदलाव होगा।'
इसी तरह पूर्व सांसद फूलन देवी का मुद्दा उठाया। दरअसल भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एक टीवी डिबेट में फूलन देवी को ऑफिशियल डकैत कहा। इसी को लेकर सपा मुखिया ने ट्वीटर पर लिखा, 'भाजपा की दलित और महिला विरोधी सोच उनके प्रवक्ताओं के मुंह पर आ ही जाती है। स्व. फूलनदेवी जी के खिलाफ अपशब्द बोलकर भाजपा प्रवक्ता ने संपूर्ण निषाद समाज का घोर अपमान करने की कोशिश की। लेकिन सपा के प्रवक्ता ने उनकी बोलती बंद कर दी। 22 के चुनाव में निषाद समाज भाजपा को हरा देगा।'
पढ़ें पूरी खबर : क्या फूलन देवी पर बयान देकर भाजपा प्रवक्ता ने गलती कर दी?
2. सीएम योगी ने किसे गिरगिट कहा?
योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और देवरिया में कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। बिना नाम लिए अखिलेश यादव को गिरगिट और दोहरे चरित्र का बताया। कहा, 'दोहरे चरित्र और गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले विपक्ष के बहकावे में मत आइएगा। ये लोग चुपचाप वैक्सीन ले लेते हैं और कहते हैं कि हमने वैक्सीन नहीं ली।'
कोरोना को लेकर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। कहा, 'दुर्भाग्य से अगर पूर्व की सरकारों में कोरोना का संकट आया होता तो बाप-बेटे भाग गए होते, बुआ-बबुआ लापता हो गए होते, भाई-बहन का कहीं पता नहीं चलता और जनता तड़प रही होती। लेकिन भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के साथ थी।
योगी ने आगे श्रीराम मंदिर का मुद्दा भी उठाया। कहा, 'श्री अयोध्या जी में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है। क्या यह मंदिर कांग्रेस, बहन जी या बबुआ बनवा पाते? उनकी हिम्मत ही नहीं थी। आज भी ये जब कभी मंदिर में जाते हैं, तब 10 बार सोचते हैं कि जाएं कि न जाएं।'
3. आजम खान से जेल में मिलने पहुंचे शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव और आजम खान।
- फोटो : अमर उजाला
करीब पौने दो साल से सीतापुर की जेल में बंद आजम खां से मिलने के लिए रविवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव जेल पहुंचे। जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने शिवपाल यादव और आजम खां की मुलाकात की पुष्टि करते हुए बताया कि शिवपाल यादव का पहले से मिलने का समय तय था।
यूपी चुनाव को देखते हुए शिवपाल और आजम खां की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुलायम के जन्मदिन पर शिवपाल सिंह यादव ने गठबंधन न होने पर अन्य विकल्प भी देखने की अखिलेश को चेतावनी दी थी।
4. प्रियंका ने योगी सरकार को घेरा
प्रियंका गांधी
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी यूपी-टीईटी प्रश्न पत्र लीक मामले में योगी सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा, 'भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। आज यूपी टेट का पेपर आउट होने की वजह से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया। हर बार पेपर आउट होने पर योगी आदित्यनाथ जी की सरकार ने भ्रष्टाचार में शामिल बड़ी मछलियों को बचाया है, इसलिए भ्रष्टाचार चरम पर है।'
5. मायावती ने केंद्र सरकार को दी नसीहत
मायावती
- फोटो : अमर उजाला
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने ट्विट करके संसद के शीतकालीन सत्र का एजेंडा बताया। लिखा, ' देश को आशा है कि तीन दिन पहले 'संविधान दिवस' पर जनता से किए गए अपने वादों को सरकार नहीं भूलेगी। उन वादों को सही ढंग से निभाया जाएगा।'
मायावती ने आगे लिखा, 'किसानों के सभी मुद्दों के प्रति भी सरकार का रूख क्या होता है, इस पर भी सबकी नजर रहेगी। बीएसपी के सभी सांसदों को भी निर्देशित किया गया है कि वे देश व जनहित के अहम मुद्दों को नियमों के तहत ही पूरी तैयारी के साथ सदन के दोनों सदनों में जरूर उठाएं। सरकार भी अपनी ओर से सदन को पूरे विश्वास में लेकर ही काम करे तो यह बेहतर होगा।'
मायावती ने कहा कि कृषि कानूनों जैसे व्यापक जनहित के मुद्दों पर कानून बनाते समय उसके असर का आकलन नहीं करना एक अहम सवाल बना गया है। इस ओर न्यायपालिका बार-बार इंगित कर रही है। इस पर भी केंद्र को जरूर ध्यान देना चाहिए। ताकि नए कानून के मुद्दों पर देश को आगे अनावश्यक टकराव से बचाया जा सके।'