उत्तर प्रदेश में महाराजगंज में कोठीभार थानाक्षेत्र के बन्नी रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार की आधी रात कुशीनगर से होरिलापुर जा रहे बारातियों से भरी जीप पैसेंजर ट्रेन से टकरा गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। हादसे की वजह से ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक वहां ट्रेन रुकी रही। बाराती थे।
जानकारी के अनुसार होरिलापुर निवासी रामजतन चौहान के पुत्र अर्जुन चौहान की शादी थी। बारात कुशीनगर जनपद के नगरी गांव में गई थी। कई लोग बारात में रुक गए जबकि 16 लोग जीप से लौटने लगे।
पुलिस के अनुसार गोरखपुर से नरकटियागंज जा रही पैसेंजर ट्रेन घुघली से चलने के बाद 12.45 बजे बन्नी के मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थी। इसी दौरान जीप ट्रैक पर आ गई।
जीप के उड़े परखच्चे
ट्रेन की चपेट में आने से जीप के परखच्चे उड़ गए। इससे उसमें सवार होरिलापुर निवासी होसिला साहनी, ओमप्रकाश चौहान, हरिहर चौहान, विश्वनाथ चौधरी, दीपक, हरिशंकर चौहान, जयराम चौहान, लवकुश, मनीष प्रजापति, चन्दन प्रजापति, बलिराम, चन्द्रशेखर विश्वकर्मा व रामलखन विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि आकाश प्रजापति, गोलू व राममिलन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 500 मीटर तक ट्रेन जीप को घसीटते हुए ले गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, एसपी शरद सचान समेत भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई।