फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस की गोली से छात्र की मौत, बवाल

Fri, 09 May 2014 11:46 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार रात कानपुर में नौबस्ता गल्ला मंडी चौकी इंचार्ज सूर्यप्रकाश सिंह की गोली से इंटर के छात्र आकाश शुक्ला उर्फ मनु (16) की मौत के बाद गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। परिजनों और इलाकाई लोगों ने पहले हैलट मरचरी और फिर पोस्टमार्टम हाउस में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी और हाथापाई की। पोस्टमार्टम हाउस के सामने तीन बार जाम लगाकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। राहगीरों से मारपीट की। कई वाहन तोड़ डाले। भीड़ आरोपी चौकी इंचार्ज की गिरफ्तारी और मृतक के आश्रितों को 20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग कर रही थी।
विज्ञापन


बवाल की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ कई थानों की फोर्स, स्वॉट टीम (क्यूआरटी) और पीएसी पहुंची और लोगों को शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को परिजन शव लेकर घर गए और वहां भी मुआवजे को लेकर हंगामा किया। शव नहीं उठने दिया। दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस आक्रोशित लोगों को समझा पाई। तब आकाश के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

इधर, आकाश के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने चौकी इंचार्ज सूर्यप्रकाश सिंह के खिलाफ हत्या (आईपीसी की धारा 302) की रिपोर्ट दर्ज की है। चौकी इंचार्ज को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

सर्विस रिवाल्वर से चलाई थी गोली

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात नौबस्ता गल्ला मंडी के पास संदीप बाजपेयी की बीयर शॉप में घाटमपुर का हिस्ट्रीशीटर संजय परमार अपने साथियों के साथ आया और बीयर की केन खरीदी। रात करीब 11 बजे संजय अपने साथियों के साथ दोबारा बीयर शॉप पहुंचा और बीयर खराब होने की बात कहकर बदलने को कहा। संदीप ने बीयर बदलने से मना कर दिया तो संजय और उसके साथी मारपीट करने लगे।

संदीप और उनके सेल्समैन राहुल तिवारी व अशोक पाल को पीटकर 90 हजार रुपये लूट लिए। इसी दौरान संदीप का रिश्तेदार भीम बाजपेई अपने दोस्त आवास विकास हंसपुरम निवासी आकाश के साथ वहां पहुंच गया। ये दोनों एक शादी से लौट रहे थे और बीयर शॉप में झगड़ा होता देख वहां रुक गए। दोनों ने बीच-बचाव किया और फिर कंट्रोल रूम को सूचना दी।

कुछ देर बाद गल्ला मंडी चौकी इंचार्ज सूर्यप्रकाश सिंह सादे कपड़ों में बाइक से पहुंच गए और झगड़ा कर रहे लोगों को रोकने लगे। सादे कपड़ों में होने के कारण लोग उनसे भी भिड़ गए और पीटने लगे। इस पर चौकी इंचार्ज ने सर्विस रिवाल्वर से गोली चला दी। एक गोली आकाश के सिर में पीछे से जा लगी। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। यह देख गुस्साई भीड़ ने चौकी इंचार्ज को जमकर पीटा।

बवाल के बाद पहुंची फोर्स

बाद में सूचना पाकर नौबस्ता पुलिस के साथ कई थानों की फोर्स पहुंची। मौके से संजय परमार को दबोच लिया। उसके साथी भाग निकले। इधर, आकाश को गंभीर हालत में क्षेत्र के फेमिली हॉस्पिटल और फिर रीजेंसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को रात में ही हैलट मरचरी में रखवा दिया। इधर, परिजन पूरी रात आकाश को खोजते रहे। सुबह चार बजे परिजन हैलट पहुंचे और शव की पहचान की।

इसके बाद परिजन और इलाकाई लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। सुबह स्वरूप नगर पुलिस के साथ स्वॉट टीम पहुंची। आक्रोशित भीड़ पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने लगी। दिन चढ़ने के साथ ही हैलट में भीड़ बढ़ती गई। चौकी प्रभारी की गिरफ्तारी और आकाश के परिजनों को मुआवाजा दिए जाने की मांग को लेकर स्वरूप नगर रोड पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की।

पुलिस ने किसी तरह समझा कर जाम खुलवाया। 9 और 11 बजे के करीब फिर लोगों पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सड़क जाम कर दी। महिला कांस्टेबल रश्मि यादव से हाथापाई की। उसकी वर्दी फाड़ने का प्रयास किया। अन्य पुलिसकर्मियों से गाली-गलौच और हाथापाई की।
विज्ञापन

लोगों ने राहगीरों को पीटा

हालात बिगड़ने की सूचना पर सीओ स्वरूप नगर राकेश नायक, सीओ सीसामऊ अखिलेश सिंह, सीओ बाबूपुरवा पवित्र मोहन त्रिपाठी, एसीएम डीडी वर्मा, राजेंद्र त्रिपाठी कई थानों की फोर्स, पीएसी और स्वॉट टीम के साथ पहुंचे। अफसरों को देखकर भीड़ और भड़क गई। जाम लगाए लोगों ने राहगीरों को पीटा। कई वाहनों की लाइटें तोड़ डाली।

पुलिस ने सख्ती दिखाई फिर भी भीड़ नहीं हटी। एसीएम-सप्तम डीडी वर्मा ने किसान दुर्घटना बीमा योजना से पांच लाख और अन्य निधि से डेढ़ लाख रुपये मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया तो लोग सड़क से हटे। इधर, शुक्लागंज (उन्नाव) निवासी आकाश के चाचा गणेश प्रसाद ने चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए।

वहां भी मुआवजा को लेकर हंगामा किया। देर शाम परिजनों ने आकाश का अंतिम संस्कार किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें