झांसी में प्रदेश का तीसरा ‘सूर्य मित्र’प्रशिक्षण केंद्र बनेगा। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अधिकरण (यूपीनेडा) के प्रस्ताव पर नगर निगम प्रशिक्षण केंद्र के लिए मुफ्त जमीन देने को राजी हो गया है। इसके लिए ग्वालियर रोड पर करारी में दस एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
देश में सोलर सेक्टर का तेजी से विकास हो रहा है। इसके साथ ही, इसमें नौकरी और व्यापार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। युवाओं को रोजगार का नया विकल्प उपलब्ध कराने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोलर एनर्जी (एनआईएसई) द्वारा सूर्य मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें युवाओं को सोलर एनर्जी सेक्टर का तकनीकी प्रशिक्षण नि:शुल्क प्रदान किया जाता है। इसके लिए वर्तमान में प्रदेश के दो स्थान लखनऊ के चिनहट व कन्नौज में प्रशिक्षण केंद्र हैं।
अब तीसरा प्रशिक्षण केंद्र झांसी में स्थापित होने जा रहा है। खासतौर पर इस केंद्र पर बुंदेलखंड के युवाओं के प्रशिक्षण की व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए नि:शुल्क जमीन की व्यवस्था की जानी है। यूपीनेडा ने नगर निगम से दस एकड़ भूमि की मांग की थी। निगम की ओर से भूमि देने पर सैद्धांतिक सहमति जता दी गई है। निगम ग्वालियर रोड पर करारी में अपनी दस एकड़ जमीन यूपीनेडा को देगा।
यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी शिवदर्शन वर्मा ने बताया कि बुंदेलखंड का वातावरण सोलर एनर्जी उत्पादन के लिए एकदम उपयुक्त है। यहां सोलर एनर्जी सेक्टर पर पर्याप्त संभावनाएं हैं। यही वजह है कि सरकार यहां सूर्य मित्र प्रशिक्षण केंद्र शुरू करना चाहती है। जमीन चिह्नित कर ली गई है, जिसे देने के लिए नगर निगम सहमत हो गया है। जल्द ही प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की दिशा में कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।