सुल्तानपुर। ग्रामीणों को रोग व तनाव मुक्त रखने के लिए अब योग सिखाया जाएगा। ग्रामीणों को योग सिखाने के लिए शासन से नियुक्त प्रशिक्षक अधिकारियों-कर्मचारियों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षित कर्मचारी गांवों में योग सिखाएंगे।
अब ग्रामीण भी खेती-किसानी करने के साथ रोग व तनावमुक्त रहने के लिए योग सीखेंगे। उन्हें योग सिखाने के लिए सरकार की ओर से बंदोबस्त किया गया है। सरकार ने जिले में एक योग प्रशिक्षक को नियुक्त किया है। प्रशिक्षक डॉ. पूनम सिंह ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को योग सिखाएंगी। इसके लिए जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती से मिलकर योग प्रशिक्षक ने ग्रामीणों को योग का प्रशिक्षण देने के लिए एक खाका तैयार किया है। डीपीआरओ के मुताबिक ग्रामीणों को योग सिखाने के लिए जिला मुख्यालय पर कर्मचारियों व अन्य की एक टीम तैयार की जाएगी। सुल्तानपुर क्लब में कर्मचारियों की टीम को योग का प्रशिक्षण देकर उन्हें गांव में योग सिखाने के लिए तैयार किया जाएगा।
डीपीआरओ ने बताया कि जिला स्तर पर प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामीणों को प्रशिक्षण देने के लिए दिन का निर्धारण किया जाएगा। निर्धारित समय पर प्रशिक्षक ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों को योग सिखाएंगे। बताया कि 21 जून तक प्रशिक्षण का कार्यक्रम रखा गया है। ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण दिलाने की तैयारी चल रही है।