सुल्तानपुर। जिले में हो रही भीषण गर्मी ने जनजीवन कर दिया है। शनिवार को दिन भर हुई भीषण गर्मी से अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई दिनों से चल रही पुरवा हवा के कारण उमस भरी गर्मी में कोई कमी नहीं आ रही है। दिन भर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने, हवा सामान्य गति से पुरवा चलने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई है। इससे लोगों को अभी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, इसमें सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।